Search

April 22, 2026 11:39 pm

स्वीकृत स्थल बदल कर दूसरी जगह पुलिया निर्माण पर डीसी से शिकायत

ठेकेदार-बिचौलियों पर मिलीभगत का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड के सीतापहाड़ी गांव में पुलिया निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। नसीपुर मौजा के कैसर माठ में स्वीकृत स्थल से हटकर दूसरी जगह पुलिया निर्माण कराए जाने के विरोध में दर्जनों ग्रामीणों ने उपायुक्त (डीसी) को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने ठेकेदार और बिचौलियों पर मिलीभगत कर निर्माण स्थल बदलने का गंभीर आरोप लगाया है।ग्रामीणों ने पत्र में बताया कि यह योजना मूल रूप से नदी पर पुलिया निर्माण के लिए स्वीकृत थी, लेकिन वर्तमान में निर्माण कार्य गांव के भीतर कराया जा रहा है, जिससे योजना का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर स्वीकृत स्थल पर ही निर्माण कराने की मांग की है।

img 20260422 wa00191106010559624113276

विधायक की अनुशंसा पर मिली थी स्वीकृति

ग्रामीणों के अनुसार, पाकुड़ विधायक निसात आलम के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैसर माठ में पुलिया निर्माण की मांग उठाई गई थी। विधायक की अनुशंसा पर ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने योजना (संख्या-08, निविदा संख्या- RDSPL/PAKUR/20/2024-25) को स्वीकृति दी। इसके लिए 24.53 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित स्थल पर नदी होने के कारण किसानों को फसल ढोने में काफी कठिनाई होती है। पुलिया बनने से यह समस्या दूर हो सकती थी, लेकिन स्थल परिवर्तन से इसका लाभ नहीं मिल पाएगा।

img 20260422 wa00204782711588279487836

ग्रामीणों ने जताया विरोध

सीतापहाड़ी निवासी खैरुल आलम और सिलन शेख ने कहा कि जहां पुलिया की सबसे अधिक जरूरत है, वहां निर्माण नहीं कराकर दूसरी जगह काम कराया जा रहा है। इससे किसानों की परेशानी जस की तस बनी रहेगी और सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है।

निर्माण कार्य रोकने की मांग

ग्रामीणों ने डीसी से मांग की है कि वर्तमान निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए और स्वीकृत स्थल पर ही पुलिया का निर्माण कराया जाए। शिकायतकर्ताओं में खुर्शीद हुसैन, अजहर शेख, हाजुल शेख समेत दर्जनों किसान शामिल हैं। मामले की प्रति ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल और विधायक को भी भेजी गई है।

दूसरे पक्ष ने जताया विरोध

वहीं, दूसरे पक्ष के ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित स्थल के दोनों ओर स्वर्गीय सदाकास शेख की रैयती जमीन है। उनकी पत्नी जन्नतुन बीबी ने विरोध जताते हुए कहा कि पति के निधन के बाद वह आठ बच्चों के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही हैं और अपनी जमीन पर पुलिया निर्माण नहीं होने देंगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!