Search

June 14, 2026 12:19 am

सर्वदलीय बैठक में सूचना नहीं देने पर कांग्रेस नाराज, प्रखंड प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप

एसआईआर बैठक को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग

पाकुड़िया/पाकुड़: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 को लेकर आयोजित सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस पार्टी को सूचना नहीं दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पाकुड़िया प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अनदेखी बताते हुए प्रखंड प्रशासन के रवैये की कड़ी निंदा की है। प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बीते 9 जून को पाकुड़िया प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा SIR 2026 को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी, लेकिन प्रखंड कांग्रेस कमेटी को इसकी कोई सूचना नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बैठक की जानकारी दी गई, जबकि कांग्रेस को इससे दूर रखा गया। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है और इसके पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी राजनीतिक दलों की भागीदारी जरूरी है। प्रशासन द्वारा कांग्रेस को बैठक की सूचना नहीं देना लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निर्धारित प्रोटोकॉल पर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पाकुड़ से मामले की जांच कर दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाली सभी सर्वदलीय बैठकों में कांग्रेस पार्टी को समय पर सूचना उपलब्ध कराने की मांग की गई है। कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन का रवैया नहीं बदला तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रखंड प्रशासन की होगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!