हिरणपुर (पाकुड़): ग्रामीणों को जाति, आवासीय, आय सहित अन्य जरूरी प्रमाण-पत्रों के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इस उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष प्रमाण-पत्र शिविरों का बुधवार को उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने निरीक्षण किया। डीडीसी ने हिरणपुर प्रखंड के बागशीशा और सुंदरपुर पंचायत में आयोजित शिविरों का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान लाभुकों के बीच जाति एवं निवासी प्रमाण-पत्र का वितरण भी किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें प्रमाण-पत्र बनवाने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद डीडीसी ने गोपालपुर गांव पहुंचकर मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना की प्रगति की जानकारी ली और एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से स्थल की डिजिटल मॉनिटरिंग की। उन्होंने लाभुक को बागवानी की नियमित देखभाल, साफ-सफाई और परिसर में मिश्रित खेती को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।
डीडीसी ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और आजीविका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मौके पर बीडीओ हिरणपुर दिलीप टुडू, परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान, बीपीओ टिंकल चौधरी, कनीय अभियंता परेश कुमार भारती सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।







