Search

July 25, 2026 4:46 am

डिजिटल कौशल से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम: उपायुक्त

पाकुड़। जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) में कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के बीच मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है, जहां कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता अब केवल अतिरिक्त योग्यता नहीं, बल्कि सफलता की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण उनके ज्ञान, कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। आने वाले दिनों में एडवांस कंप्यूटर कोर्स भी शुरू किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को अधिक व्यावहारिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी संस्थानों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की लगातार मांग रहती है, ऐसे में प्रशिक्षित युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, संस्थान के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!