Search

October 3, 2026 10:14 am

वार्ड 8 में चुनावी सरगर्मी तेज, पार्षद प्रत्याशी ललिता दुबे की एंट्री से बदले समीकरण

पत्रकार – सौरभ मित्तल

मेदिनीनगर: नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे वार्ड संख्या–8 में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। इसी क्रम में वार्ड नंबर 8 से पार्षद प्रत्याशी के रूप में श्रीमती ललिता दुबे के मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रही हैं। उनके आने से वार्ड की राजनीति में नई ऊर्जा और नई चर्चा शुरू हो गई है।
श्रीमती ललिता दुबे, पूर्वडीहा पंचायत, चैनपुर प्रखंड, पलामू के पूर्व मुखिया रही,श्री कुलबुल दुबे की धर्मपत्नी हैं। पूर्व मुखिया के रूप में श्री कुलबुल दुबे का लंबा प्रशासनिक और जनसेवा का अनुभव रहा है, जिसका लाभ श्रीमती ललिता दुबे को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मिला है। यही कारण है कि स्थानीय राजनीति और जनसमस्याओं की उन्हें गहरी समझ मानी जा रही है।
अपने राजनीतिक अभियान की शुरुआत करते हुए श्रीमती ललिता दुबे ने कहा कि वे “अनुभव, विकास, विश्वास, सेवा और समर्पण” के मूल मंत्र के साथ जनता के बीच आई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड संख्या–8 को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि वार्ड में आज भी कई समस्याएं हैं, जिनमें जर्जर सड़कें, अधूरी नालियां, पेयजल की समस्या, साफ-सफाई की कमी और जरूरतमंदों तक योजनाओं का सही लाभ न पहुंच पाना प्रमुख हैं। यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि श्रीमती ललिता दुबे की उम्मीदवारी से वार्ड संख्या–8 में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पूर्व मुखिया परिवार से जुड़ाव, सामाजिक स्वीकार्यता और स्थानीय लोगों के बीच पहचान उनके पक्ष को मजबूत करती दिखाई दे रही है। वहीं, वे महिला प्रत्याशी के रूप में भी एक मजबूत संदेश दे रही हैं कि नगर निगम की राजनीति में महिलाओं की भूमिका अब केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि निर्णायक होने जा रही है।
श्रीमती ललिता दुबे ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे विकास की राजनीति में विश्वास रखती हैं, न कि आरोप-प्रत्यारोप की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद वे वार्ड के प्रत्येक गली-मोहल्ले तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगी और समाधान के लिए नगर निगम स्तर पर मजबूती से आवाज उठाएंगी।
कुल मिलाकर, वार्ड संख्या–8 में श्रीमती ललिता दुबे की एंट्री ने नगर निगम चुनाव को और अधिक राजनीतिक रंग दे दिया है। आने वाले दिनों में चुनावी प्रचार के तेज होने के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस पर भरोसा जताती है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!