प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) – प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार को कृषि तकनीकी सूचना केंद्र लिट्टीपाड़ा में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है। उन्होंने किसानों से नई तकनीक अपनाने, मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती बढ़ाने और बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील की। प्रखंड सहायक तकनीकी प्रबंधक रामेश्वर मुर्मू ने जैविक व वैज्ञानिक खेती, खरपतवार नियंत्रण और आत्मा परियोजना की जानकारी दी। प्रखंड कृषि पदाधिकारी के.सी. दास ने फसलों में रोग व कीट प्रबंधन, दवा छिड़काव की विधि, कृषि ऋण माफी योजना, किसान समृद्धि योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और बीज विनिमय योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी पद्मा किशोर महतो और बजाज आलियांज के प्रखंड समन्वयक सोएब अख्तर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि धान व मक्का की फसल का बीमा नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में मात्र ₹1 टोकन मनी देकर कराया जा सकता है। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा, और यदि कोई संचालक अधिक राशि वसूलता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में बजाज आलियांज के प्रखंड समन्वयक सोएब अख्तर, चितलो फर्म के एग्रीकल्चर एक्सपर्ट विवेक केशव, विलेज कोऑर्डिनेटर विवेक कुमार, टपक सिंचाई वेदांता पोलीमार के डीलर रजनीश रौशन, बड़ी संख्या में किसान मित्र, महिला समूह की सदस्याएं और किसान मौजूद रहे।