Search

May 5, 2026 10:18 am

कम लागत में अधिक आमदनी की दिशा में किसानों को मिला नया विकल्प।

प्रशांत मंडल

कृषि विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को पंचायत सूरजबेड़ा अंतर्गत बैजनाथपुर ग्राम में कृषक पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 25 किसानों को मशरूम की खेती एवं उत्पादन की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषक पाठशाला में प्रखंड कृषि पदाधिकारी के. सी. दास, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रामेश्वर मुर्मू एवं आशा संस्था की रामेश्वरी टुडू ने किसानों को मशरूम उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कच्चे माल की तैयारी, पैकेट निर्माण, रख-रखाव तथा उत्पादन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियाँ सरल और स्पष्ट तरीके से समझाईं। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मशरूम उत्पादन हेतु पैकेट तैयार करने का प्रत्यक्ष अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे तकनीक को व्यवहार में समझ सकें। अधिकारियों ने बताया कि मशरूम की खेती कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय है, जिसे अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों में खासा उत्साह देखा गया। कई किसानों ने भविष्य में मशरूम उत्पादन शुरू करने की इच्छा जताई और इसे आय बढ़ाने का बेहतर साधन बताया। यह कृषक पाठशाला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!