पाकुड़। सरकारी सेवा के दौरान अपने परिजनों को खो चुके चार परिवारों के लिए शुक्रवार को उम्मीद की नई किरण लेकर आया। समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अनुकंपा नियुक्ति समिति की अनुशंसा पर चार आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्तियां 4 अगस्त को समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई हैं। समाहरणालय में खोकन लेट को सहायक सह कंप्यूटर संचालक, शीला माल और सरवन राय को अनुसेवक के पद पर नियुक्त किया गया। वहीं शिक्षा विभाग में समीर मरांडी को निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक पद के लिए नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उपायुक्त ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति महज नौकरी नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को सहारा देने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों से ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की अपील की। कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का माध्यम है। सभी कर्मी अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर जिला प्रशासन की गरिमा को और मजबूत करें।








