पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के कासिला बिक्रमपुर मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक और टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो में सवार लोग पाकुड़ से कोटलपोखर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे डाला बॉडी ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि तीखे मोड़ पर एक बड़े वाहन को ओवरटेक करने के दौरान ट्रक टोटो से जा टकराया, जिससे टोटो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में बड़ी अलीगंज निवासी आरिफ शेख, अली शेख सहित कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को परिजन अपने साथ ले गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक को बड़ी अलीगंज के पास रोक लिया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। घायल आरिफ शेख ने बताया कि तीखे मोड़ पर बड़े वाहन द्वारा लापरवाही से ओवरटेक करने के कारण यह हादसा हुआ।
Related Posts

युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को डॉ. तनवीर आलम का संदेश- बूथ स्तर पर मजबूत हो संगठन, युवाओं की भागीदारी से मिलेगी नई ताकत।




