पाकुड़। सड़क हादसों में जान बचाने के उद्देश्य से अदानी ट्रांसमिशन कंपनी ने बुधवार को पाकुड़–हिरणपुर मुख्य मार्ग स्थित सर्किट हाउस चौक (टीवीएस शोरूम के समीप) सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों के बीच आईएसआई मार्कयुक्त हेलमेट का वितरण किया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और हर हाल में हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से अधिकांश मौतें होती हैं, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट का स्ट्रैप बांधकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। अभियान के तहत 15 से 20 दोपहिया वाहन चालकों के बीच नि:शुल्क आईएसआई मार्कयुक्त हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही सभी लाभार्थियों को स्वयं हमेशा हेलमेट पहनने और अपने परिवार व परिचितों को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, पुलिस उपाधीक्षक उज्जवल कुमार शाह, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, अदानी ट्रांसमिशन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव कुमार डे, सड़क सुरक्षा से जुड़े कर्मी तथा टीवीएस शोरूम के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।







