पाकुड़िया। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को पाकुड़िया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह सीओ सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने संयुक्त रूप से की। बैठक में बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने उपस्थित मुहर्रम कमेटी के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम गम का त्योहार है, जिसे आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
वहीं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने मुहर्रम जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस में किसी भी तरह के फूहड़ गाने, अशांति फैलाने वाले गतिविधियों और शराब के सेवन पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने सभी मुहर्रम कमेटियों को जुलूस में शामिल होने वाले वॉलेंटियर सदस्यों का नाम, पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की छाया प्रति थाना में जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी। भीड़ के अनुसार वॉलेंटियर की तैनाती होगी और पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें पहचान पत्र जारी किया जाएगा। वॉलेंटियर की जिम्मेदारी होगी कि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
बैठक में एएसआई सनातन मांझी, एएसआई महादेव चौधरी, एएसआई नैमुल अंसारी, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, सांसद प्रतिनिधि खुर्शीद आलम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो इस्लाम मियां, जहांगीर अंसारी, कमाल अंसारी सहित विभिन्न मुहर्रम कमेटी के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।





