अंबेडकर जयंती पर इरफान अंसारी और राजेश ठाकुर का संदेश—संविधान सर्वोपरि
पाकुड़: बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पाकुड़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश ठाकुर ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने संविधान और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी बातें रखीं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आज वे जिस पद पर हैं, वह संविधान की वजह से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि संविधान ने समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है।उन्होंने बाबा साहेब के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समानता, भाईचारा और भेदभाव के खिलाफ उनकी सोच आज भी प्रासंगिक है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश संविधान के अनुसार ही चलना चाहिए।वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश ठाकुर ने भी संविधान की रक्षा को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में काम करती रहेगी।कार्यक्रम के अंत में दोनों नेताओं ने लोगों से बाबा साहेब के बताए रास्ते पर चलने और संविधान के प्रति जागरूक रहने की अपील की।





