Search

September 24, 2026 2:17 am

ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया लाइनमैन, गंभीर हालत में रेफर।

पाकुड़िया: थाना क्षेत्र के बनियापसार पंचायत अंतर्गत श्यामसुंदरपुर गांव में बुधवार देर शाम ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान मानव दिवस कर्मी (लाइनमैन) 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घायल लाइनमैन की पहचान बिसनपुर निवासी शुशील मुर्मू (35), पिता चांदो मुर्मू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुशील मुर्मू श्यामसुंदरपुर विद्यालय के समीप लगे ट्रांसफार्मर में आई खराबी को ठीक करने पहुंचा था। मरम्मत के दौरान अचानक हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सक डॉ. अभय सर्राफ ने बताया कि घायल लाइनमैन के दाहिने हाथ, पैर सहित शरीर के कई हिस्से जल गए हैं। शरीर का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है, इसलिए उसे उच्च चिकित्सा के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल लाइनमैन से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बिजली विभाग के कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!