_चतरो से श्रीराम पुर तक 2 किमी पैदल रैली, हजारों मजदूरों ने भरी ताकत, चार लेबर कोड के खिलाफ ऐलान-ए-जंग_
गिरिडीह, 1 मई। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर गुरुवार को गिरिडीह औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। असंगठित मजदूर मोर्चा और भाकपा माले के संयुक्त बैनर तले चतरो मोड़ से श्रीराम पुर के गोविंद राज तक करीब दो किलोमीटर लंबी रैली निकाली गई। रैली में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष मजदूर, किसान और बेरोजगार शामिल हुए।
शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि, फहराया लाल झंडा
रैली की शुरुआत शहीद बेदी पर फूल-माला अर्पित कर और झंडा फहराकर हुई। गोविंद राज स्थित सभा स्थल पर शहीदों को याद करते हुए वक्ताओं ने मोदी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।
“गिरिडीह के मजदूरों के साथ नाइंसाफी नहीं होने देंगे” – विनोद सिंह
बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा, “मोदी सरकार चार लेबर कोड लाकर मजदूरों का हक मार रही है। पहले 8 घंटे काम होता था, अब 12 घंटे काम कराया जा रहा है। दिल्ली-नोएडा से लेकर पूरे देश में मजदूर आंदोलन कर रहे हैं। 20 हजार न्यूनतम मजदूरी की मांग करने वालों को जेल भेजा जा रहा है। गिरिडीह की फैक्ट्रियों में मजदूरों पर ज्यादती हो रही है। प्रवासी मजदूर हादसों में मरते हैं, लेकिन उनके परिवार को हक नहीं मिलता। गिरिडीह के मजदूरों को प्रदूषण से बर्बाद किया जा रहा है, लेकिन हम नाइंसाफी नहीं होने देंगे।”
“सभी दबे-कुचले एक होकर लड़ाई तेज करें” – राजकुमार यादव

राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा, “जो सरकार जनता की नहीं, वो हमारी नहीं। मोदी सरकार फैक्ट्री मजदूर, मनरेगा मजदूर, खेत-काम करने वाली जनता को बर्बाद कर रही है। सरकार अडानी-अंबानी को खुश करने में व्यस्त है। जल-जंगल-जमीन बचाने वालों पर मुकदमे हो रहे हैं। गिरिडीह के मजदूरों, आप एक हो जाओ, परेशान करने वालों को खदेड़ दिया जाएगा। बैंक लोन से परेशान जनता की सुध कोई नहीं ले रहा। प्रदूषण से बेहाल औद्योगिक क्षेत्र की जनता को अब एकजुट होना होगा। भाकपा माले और मोर्चा आपके साथ है।”
“मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एक हों” – निताय महतो
असंगठित मजदूर मोर्चा के महामंत्री निताय महतो ने कहा, “मजदूर दिवस का इतिहास संघर्ष का इतिहास है। मोर्चा और माले ने लगातार इस क्षेत्र में मजदूरों के लिए काम किया है। अब मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सभी दबे-कुचलों को एक होना होगा।”
“गिरिडीह में फिर लहराएगा लाल झंडा” – पूरन महतो

वरिष्ठ माले नेता पूरन महतो ने कहा, “गिरिडीह में फिर से लाल झंडा लहराएगा। यहां कई नेता फैक्ट्री मालिकों के साथ खड़े मिलते हैं। आम जनता को समझना होगा, लाल झंडे से जुड़ना होगा।”
जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि गांडेय और गिरिडीह विधानसभा में लाल झंडे की ताकत तेजी से बढ़ रही है। माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि लाल झंडे की बढ़ती ताकत से फैक्ट्री मालिकों की सिफारिश करने वाले नेताओं को दिक्कत हो रही है।
ये नेता रहे मौजूद
सभा को मोर्चा के केंद्रीय सचिव कन्हाई पांडेय, राज्य कमेटी के उस्मान अंसारी, अध्यक्ष किशोर राय, मसूदन कोल, अजीत राय, हुबलाल राय, रामलाल मुर्मू, सलामत अंसारी ने भी संबोधित किया। मंच संचालन दीपक गोस्वामी और राजेश सिन्हा ने किया।
इस मौके पर अखिलेश राज, नवीन पाण्डेय, लखन कोल, भीम कोल, रामबाबू मुर्मू, पवन यादव समेत मोर्चा और माले के कई केंद्रीय, राज्य व जिला कमेटी सदस्य और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।











