महेशपुर। क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तलवा से खारूटोला तथा चंदना से श्रीधरपाड़ा तक की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि तलवा-खारूटोला पथ (सलपानी होते हुए) और चंदना-श्रीधरपाड़ा लिंक पथ की कुल 17.91 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण को तकनीकी स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, किसानों और आम ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि 15-16 दिनों के भीतर योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी तथा निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। उन्होंने अवकाश के दिन भी संबंधित अधिकारियों से बात कर डीपीआर जल्द उपलब्ध कराने और प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
मुलाकात के दौरान सड़क, पुल-पुलिया और क्षेत्र की अन्य विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में सड़क निर्माण को लेकर नई उम्मीद जगी है।





