पाकुड़। ग्रामीणों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर सुनने और समाधान की पहल को लेकर कोलाजोड़ा पंचायत में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल के नेतृत्व में “जनता दरबार – जनता का अधिकार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि के सामने रखीं। जनता दरबार में वृद्धा पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सुविधा, सड़क, पेयजल सहित कई बुनियादी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।कार्यक्रम में कोलाजोड़ा पंचायत की मुखिया श्यामली मरांडी सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपनी परेशानियों को खुलकर रखा, जिस पर जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों तक पहुंचाने और समाधान कराने का भरोसा दिलाया। पिंकी मंडल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा और विकास के लिए पंचायत स्तर पर लगातार इस तरह के जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही जनसेवा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं की भागीदारी रही। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए भविष्य में भी अन्य पंचायतों में जनता दरबार लगाने की योजना है।







