29 जुलाई को सभी मंदिरों में जलाए जाएंगे 12 से अधिक दीप
पाकुड़: भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने रजवाड़ी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पार्टी के केंद्रीय व राष्ट्रीय कार्यालय दिल्ली के निर्देशानुसार संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर एक राष्ट्रव्यापी विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है।जिलाध्यक्ष ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार 29 जुलाई 2026 से शुरू होकर यह विशेष अभियान 20 फरवरी 2027 तक निरंतर संचालित किया जाएगा।
सभी मंदिरों में दीप जलाकर होगा अभियानोत्सव का शुभारंभ
अभियान की शुरुआत के तहत आगामी 29 जुलाई को जिले के सभी प्रमुख मंदिरों में 12 से अधिक दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके माध्यम से समाज के हर वर्ग को यह संदेश देने का प्रयास रहेगा कि जिस प्रकार मंदिर में दिया जगमगाता है, उसी प्रकार पूरा समाज बिना किसी भेदभाव के एकता के सूत्र में बंधकर जगमगाए।
भेदभाव मिटाकर समाज को एक सूत्र में बांधने की पहल
सरिता मुर्मू ने कहा कि संत रविदास जी केवल एक संत या विचारक ही नहीं थे, बल्कि वे एक महान मार्गदर्शक थे जिन्होंने जीवन भर छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अलख जगाई। उनका मुख्य संदेश था कि जन्म से कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि व्यक्ति अपने कर्मों से महान बनता है। भाजपा इस संदेश को राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक जन-जन तक पहुंचाएगी।
कलश यात्रा और सामाजिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
अभियान के तहत जिला व मंडल स्तर पर कलश यात्राओं, मंदिर अभियानों और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी जनप्रतिनिधि, मंदिर कमेटियां, सामाजिक संगठन और पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहभागी बनेंगे।प्रेस वार्ता के अंत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र पर चलते हुए भाजपा समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए कटिबद्ध है।





