Search

September 13, 2026 10:34 am

जमामो माता मंदिर मेले में फिर चोरों ने किया हाथ साफ, आधा दर्जन श्रद्धालु बने निशाना

ग्रामीणों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की

पिंटू कुमार
तिसरी/गिरिडीह।

तिसरी थाना क्षेत्र के सुप्रसिद्ध जमामो माता मंदिर में लगने वाले मेले के दौरान एक बार फिर चोरी और छिनतई की घटनाएं सामने आई हैं। इस बार करीब आधा दर्जन श्रद्धालुओं को कथित तौर पर चोरों ने निशाना बनाया। किसी का पर्स और पॉकेट मनी गायब होने की बात सामने आई है, तो किसी के मोबाइल फोन और गले से चेन व लॉकेट छीन लिए जाने की सूचना है।

जमामो माता मंदिर तिसरी प्रखंड मुख्यालय से करीब 21 किलोमीटर दूर स्थित है। माता के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के कारण झारखंड के अलावा बिहार और बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मेले के दौरान हजारों लोगों की भीड़ जुटती है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद चोर श्रद्धालुओं को अपना निशाना बनाने में कैसे सफल हो जाते हैं। लोगों ने मेले में पुलिस बल की संख्या बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त निगरानी व्यवस्था नहीं है।

मंदिर समिति के लोगों का कहना है कि मेले में अलग-अलग जगहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। कैमरों की जांच के बाद संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा।

29 अगस्त को भी हुई थी चेन और लॉकेट की छिनतई

गौर करने वाली बात यह है कि जमामो माता मंदिर में इससे पहले भी चोरी और छिनतई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 29 अगस्त 2026 को महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन और लॉकेट की छिनतई की घटना हुई थी। पुलिस ने मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों—एक पुरुष और तीन महिलाओं—को गिरफ्तार किया था।

इसके बावजूद दोबारा मेले में श्रद्धालुओं के साथ चोरी और छिनतई की घटनाएं सामने आना पुलिस और मंदिर समिति की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

सड़क भी बनी श्रद्धालुओं की दूसरी बड़ी परेशानी

सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, जमामो माता मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क भी श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। तिसरी से जमामो माता मंदिर तक जाने वाली सड़क कई स्थानों पर खराब बताई जा रही है। जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान इस इलाके में बड़े-बड़े नेताओं का आगमन हुआ था। दिग्गज नेताओं के हेलीकॉप्टर से पहुंचने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि अब क्षेत्र की सड़क और दूसरी बुनियादी समस्याओं का समाधान होगा। लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा।

अब ग्रामीण जिला प्रशासन और झारखंड सरकार से सवाल पूछ रहे हैं कि जब जमामो माता मंदिर में हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, तो उनकी सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है।

img 20260913 wa0001699191374444346393

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!