अमर भगत
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड के पाकोडीह गांव में जबरा पहाड़िया की प्रतिमा अनावरण की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आदिम जनजाति समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में महिला-पुरुष और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और जबरा पहाड़िया के साहस, संघर्ष व समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूजा-अर्चना के बाद परिसर में मेले का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी। मेले में पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय दुकानों ने लोगों को आकर्षित किया। वक्ताओं ने कहा कि जबरा पहाड़िया आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और संघर्ष के प्रतीक हैं। उनके जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेने की जरूरत है। इस अवसर पर मुखिया रामी पहाड़िन ने ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए समाज के विकास के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन समाज की सुख-समृद्धि, एकता और क्षेत्र के विकास की कामना के साथ हुआ। मौके पर मुखिया रामी पहाड़िन, प्रधान कालू पहाड़िया, सरदार जबड़ा पहाड़िया, नायकी जामा पहाड़िया, मुखिया प्रतिनिधि कामदेव पहाड़िया, गुडित कालू पहाड़िया सहित नारायणी पहाड़िन, बेसगा पहाड़िया, जिमि पहाड़िन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







