अब्दुल अंसारी
पाकुड़िया प्रखंड सभागार पाकुड़िया में गुरुवार को किसानों की धान अधिप्राप्ति 2024 – 25 से संबंधित एक बैठक बीडीओ सोमनाथ बनर्जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई । इस दौरान उपस्थित प्रगतिशील किसान , कृषक मित्र , सभी लैंप्स सदस्यों आदि को बीसीओ मनोज गुप्ता द्वारा बताया गया कि प्रखंड में धन अधिप्राप्ति का शुभारंभ 15 दिसम्बर दिन रविवार से किया जायेगा । इस बाबत सबों को निर्देश दिया गया कि जो भी धान विक्रेता अभी तक अपना निबंधन नहीं कराए हैं वे अविलंब अपना निबंधन करवा लें । निबंधन हेतु किसान अपना आधार कार्ड , जमीन का रसीद , बैंक पासबुक सहित निबंधन फॉर्म भरकर अंचल कार्यालय पाकुड़िया में जमा करा दें । वहीं से उनका निबंधन हो जाएगा । सहकारिता पदाधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष धान 2400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किसानों से खरीदी जायेगी । इस बाबत प्रखंड में तीन क्रय केंद्र पाकुड़िया लैंप्स , बन्नोग्राम लैंप्स और श्रीरामपुर लैंप्स में खोला गया है । किसान अपनी सुविधानुसार इन तीनों लैंप्स में से कहीं भी अपना धान बेच सकते हैं । मौके पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी त्रिदीप शील , एटीएम ऑनल मरांडी सहित दर्जनों किसान मित्र उपस्थित थे ।





