पाकुड़िया: पाकुड़िया थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए सड़क किनारे घायल एवं अचेत अवस्था में पड़े एक व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने न केवल उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान कराकर परिजनों तक भी सूचना पहुंचाई। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात गश्ती के दौरान पुलिस टीम को बाबूझुटी के समीप सड़क किनारे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने चौकीदार के साथ उसे पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
मंगलवार सुबह पुलिस ने घायल की पहचान के लिए उसकी तस्वीर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की। प्रयास सफल रहा और कुछ ही समय बाद परिजन थाना पहुंचकर उसकी पहचान रूबी लाल हेंब्रम (पिता-दुलाल हेंब्रम), निवासी बलियापतरा, थाना महेशपुर के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन रामपुरहाट अस्पताल पहुंच गए।
डॉक्टरों के अनुसार घायल व्यक्ति की हालत में सुधार के प्रयास जारी हैं, हालांकि वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।






