राहुल दास
पाकुड़: लिट्टीपाड़ा विधानसभा के हिरणपुर फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना घटी, जब लिट्टीपाड़ा के पूर्व झामुमो विधायक दिनेश मरांडी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। यह घटनाक्रम भाजपा प्रत्याशी बाबुधन के पक्ष में शिवराज सिंह चौहान की चुनावी सभा के दौरान हुआ। दिनेश मरांडी, जिन्हें झामुमो द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया गया था, इससे नाराज चल रहे थे और वे लगातार पार्टी के खिलाफ मीडिया में बयानबाजी कर रहे थे। पार्टी की ओर से उन्हें स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया था, जिसमें 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया था। ऐसे में, दिनेश मरांडी ने झामुमो से किनारा करते हुए भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। इस मौके पर दिनेश मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “भा.ज.पा. के नेतृत्व में राज्य और देश में विकास की गति तेज हुई है, और मैं भाजपा के सिद्धांतों से प्रभावित होकर इस पार्टी में शामिल हो रहा हूं। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा गर्म है। झामुमो के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि दिनेश मरांडी पार्टी के एक प्रमुख नेता रहे हैं और उनकी नराजगी ने पार्टी की चुनावी रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा की ओर से इस कदम को अपने पक्ष में एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने क्षेत्रीय नेताओं को अपने साथ जोड़ने में सफलता प्राप्त की है। शिवराज सिंह चौहान की चुनावी सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं के साथ साथ, लिट्टीपाड़ा की जनता ने भी दिनेश मरांडी के भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया।






