वीडियो वायरल के बाद हरकत में आई पुलिस, 5 नामजद समेत 30-40 अज्ञात पर केस; आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी।
अमर भगत,
अमड़ापाड़ा/पाकुड़:- थाना क्षेत्र के बूढ़ीडूबा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कथित प्रेम संबंध के शक में एक विवाहिता महिला और युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि पति और उसके साथियों ने दोनों को पकड़कर बंधक बनाया, कपड़े फाड़े और अर्धनग्न हालत में गांव में घुमाया। इस दौरान लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी रही और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची, लेकिन भीड़ के विरोध के कारण तत्काल दोनों को मुक्त नहीं करा सकी। पुलिस ने लगातार प्रयास के बाद 29 जून को दोनों पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकाला और थाना लाकर मेडिकल जांच कराई। पीड़िता के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है। मामले में 5 नामजद समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़िता के पति श्रीजल बेसरा समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि महिला और युवक को उसके मायके से जबरन लाकर बूढ़ीडूबा गांव में इस घटना को अंजाम दिया गया।
एसडीएम साईमन मरांडी और एसडीपीओ विजय कुमार की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में भीड़ के दबाव, कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति और महिलाओं के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






