Search

June 10, 2026 10:35 pm

खेल संघ ने उपायुक्त के समक्ष रखा खेल विकास का विजन, खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं की उठाई मांग।

ओलंपिक, एथलेटिक्स व साइकिलिंग संघ ने नवनियुक्त उपायुक्त मेघा भारद्वाज का किया अभिनंदन।

पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ तथा जिला एथलेटिक्स एवं साइकिलिंग संघ ने नवनियुक्त उपायुक्त मेघा भारद्वाज का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए जिले में खेलों के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और योजनाओं से अवगत कराया। इस दौरान खेल संघों के प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की मांग उठाई। संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु गांगुली और महासचिव रणवीर सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उपायुक्त को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद संघ के प्रतिनिधियों ने जिले में खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और खेलों के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। खेल संघों ने जिले में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण, खेल मैदानों के विकास तथा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही दुर्गापुर में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम को शीघ्र पूरा कराने की मांग भी रखी। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने खेल संघों की पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सकारात्मक सहयोग करेगा। मौके पर मनोवर आलम, पंकज अग्रवाल, प्रवीण कुमार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे। खेल संघों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और खेल संगठनों के समन्वय से पाकुड़ के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और जिला खेल मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!