Search

June 3, 2026 10:24 pm

पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर विराम, पाकुड़ में पर्याप्त स्टॉक; आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य

तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक, जिला प्रशासन ने कहा- कहीं कोई कमी नहीं

पाकुड़। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। आम लोगों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों तथा अधिकृत पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और हाल के दिनों में मिली शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जसीडीह डिपो से नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है। जिले के सभी अधिकृत पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुरूप ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कहीं भी पेट्रोल या डीजल की कमी नहीं है। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सरकार और तेल कंपनियों के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खुले में या अनधिकृत तरीके से बिक्री नहीं होगी। साथ ही गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें। जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!