Search

May 30, 2026 9:43 pm

मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन, 150 मामलों का हुआ निष्पादन

पाकुड़: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में शनिवार को पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय ने की, जबकि आयोजन की देखरेख प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने की। लोक अदालत में समझौते योग्य आपराधिक मामलों, एनआई एक्ट (चेक बाउंस), बैंक वसूली, बिजली बिल, वैवाहिक विवाद, राजस्व मामलों सहित विभिन्न सुलह योग्य वादों का निपटारा किया गया। इसके लिए कुल नौ बेंचों का गठन किया गया था। आयोजित लोक अदालत में कुल 150 मामलों का निष्पादन किया गया तथा पक्षकारों के बीच 20 लाख 82 हजार 874 रुपये की राशि पर समझौता कराया गया। इससे न केवल लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का मार्ग प्रशस्त हुआ, बल्कि पक्षकारों को समय और धन की भी बचत हुई। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय रजनीकांत पाठक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्र, प्रभारी सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक, प्रभारी न्यायाधीश विजय कुमार दास सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी, वादी-प्रतिवादी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
लोक अदालत के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर न्याय को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!