बजरंग पंडित
झारखंड के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री व उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने समाहरणालय परिसर से श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार हेतु जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. मंत्री व उपायुक्त ने जिले के प्रवासी श्रमिकों से अपील किया कि अपना निबंधन कराकर ही कार्य करने जाएं, ताकि सुरक्षित प्रवास हो सके. श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार प्रसार कराने के उद्देश्य से आज झारखंड के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के माननीय मंत्री संजय प्रसाद यादव व उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभूवन कुमार सिंह एवं श्रम अधीक्षक रमेश प्रसाद सिंह द्वारा समाहरणालय परिसर से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकार चार जागरूकता रथ को रवाना किया गया। मौके पर झारखंड के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में श्रमिक अपना निबंधन ऑनलाइन कराकर संचालित योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। माननीय मंत्री ने कहा कि प्रवासी श्रमिक, असंगठित श्रमिक एवं निर्माण श्रमिक अपना निबंधन प्रज्ञा केंद्र में जाकर या श्रमाधान पोर्टल में स्वयं अपना निबंधन कर सकते हैं। उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी असंगठित श्रमिकों से जल्द से जल्द निकटवर्ती प्रज्ञा केंद्र में जाकर श्रमाधान पोर्टल में अपना निबंधन करवाने की अपील किया। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा केन्द्रो में यह पंजीकरण निःशुल्क किया जा रहा है, लाभुक को निबंधन हेतु आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नॉमिनी का आधार कार्ड तथा मोबाइल फोन साथ लाने की आवश्यकता होती है।