Search

June 8, 2026 12:19 am

त्रिकोणी में ऐतिहासिक पाता मेला, भोक्ताओं के अनुष्ठान ने खींचा हजारों श्रद्धालुओं का ध्यान।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड के बाड़ू पंचायत अंतर्गत त्रिकोणी गांव में शनिवार को पारंपरिक एवं ऐतिहासिक पाता मेले का भव्य आयोजन हुआ। मेले को लेकर क्षेत्र में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा और भगवान शिव व माता पार्वती के जयकारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। मेले का मुख्य आकर्षण भोक्ताओं द्वारा किया गया पारंपरिक अनुष्ठान रहा। कई दिनों के उपवास के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। अनुष्ठान के दौरान भोक्ताओं को पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत ऊंचे खंभे से बांधकर हवा में गोल-गोल घुमाया गया। भगवान शिव की आराधना में लीन श्रद्धालुओं का यह दृश्य देखने के लिए हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मेले में पहुंचे। धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह मेला सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी केंद्र बना रहा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन, लोक संस्कृति की झलक और सजी हुई दुकानों ने मेले की रौनक बढ़ा दी। ग्रामीणों ने बताया कि यह सदियों पुरानी परंपरा आज भी लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर रखे हुए है।
मेले के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय समिति और पंचायत प्रतिनिधि सक्रिय रहे। मौके पर मुखिया संतोषीला मरांडी, पूर्व मुखिया प्रेम हांसदा, मानवेल किस्कू, चुंडा किस्कू, अशोक ठाकुर, स्टीफन मरांडी, अर्जुन मड़ैया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!