हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के कठालडीह गाँव की 21 वर्षीय विवाहित महिला सलोनी मुर्मू की हत्या का मामला सामने आया है। सलोनी अपने पति के साथ 11 नवंबर को पचवाडा में धर्म सभा में गई थी और रात वहीं रहने की बात कही। अगले दिन जब वह घर नहीं लौटी, तो पति और सलोनी के भाईयों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद अमड़ापाड़ा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। बाद में पचवाड़ा और रांगाटोला के बीच एक खेत में सलोनी का शव मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने की। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि देवर के लिखित आवेदन पर केस दर्ज किया गया है और बॉडी को पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और कई एंगल से जांच की जाएगी। दोषियों को पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। इस हत्या के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने भी मामले का संज्ञान लिया है और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।





