Search

September 24, 2026 12:38 pm

12 घंटे में चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, नकदी-जेवर व मोबाइल बरामद।

महेशपुर (पाकुड़)। दमदमा गांव में घर में हुई चोरी की घटना का पाकुड़ पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले आरोपी अलाउद्दीन शेख को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की नकदी, चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार 3 जून की दोपहर दमदमा निवासी रियाजुद्दीन शेख के घर में चोरी की सूचना मिलने पर महेशपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी के महेशपुर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद कांसादिग्धी गांव के पास छापेमारी कर आरोपी अलाउद्दीन शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार हजार रुपये नकद मिले। पूछताछ में उसने दमदमा गांव में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिया के नीचे छिपाकर रखे गए 12,500 रुपये नकद, एक रेडमी मोबाइल, चांदी का बाला और चांदी का टीका भी बरामद कर लिया गया। इस तरह कुल 16,500 रुपये नकद सहित चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पश्चिम बंगाल के मुरारोई थाना में उसके खिलाफ चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के दो पुराने केस दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार, पुलिस निरीक्षक मदन शर्मा, थाना प्रभारी रवि शर्मा समेत महेशपुर थाना और रद्दीपुर ओपी की टीम शामिल रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!