पाकुड़। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व-2026 के दूसरे दिन भी पाकुड़ जिले में शांति और सौहार्द का वातावरण कायम रहा। जिले के सभी मस्जिदों में जुम्मे की नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। त्योहार के अवसर पर विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी प्रमुख मस्जिदों एवं संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों की व्यापक तैनाती की गई थी। इसके साथ ही विभिन्न चौक-चौराहों पर क्यूआरटी को भी सक्रिय रूप से तैनात रखा गया, जिससे किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ की ओर से बताया गया कि पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने न पाए। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।








