अमड़ापाड़ा – झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा मैट्रिक परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही अमड़ापाड़ा प्रखंड में खुशी की लहर दौड़ गई। राजकीयकृत उच्च विद्यालय, अमड़ापाड़ा के तीन छात्र-छात्राओं ने जिला स्तर पर टॉप-10 की सूची में शामिल होकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह है कि ये तीनों होनहार राजकीयकृत उच्च विद्यालय अमड़ापाड़ा के विद्यार्थी सभी बासमती गांव के ही निवासी हैं।
जिले की मेरिट लिस्ट में अमड़ापाड़ा का दबदबा
विद्यालय के इन तीन विद्यार्थियों ने न केवल प्रखंड स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किए, बल्कि जिले की रैंकिंग में भी अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। जिसमें स्वीटी कुमारी 469 अंक (93.8%) प्राप्त कर जिला स्तर पर 7वां स्थान और प्रखंड में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं माला कुमारी 468 अंक (93.6%) के साथ जिला स्तर पर 8वां स्थान और प्रखंड में द्वितीय स्थान पर रहीं। इसके साथ ही गौर मंडल 466 अंक (93.2%) लाकर जिला स्तर पर 10वां स्थान और प्रखंड में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गुरुओं और अभिभावकों को दिया सफलता का श्रेय।
अपनी इस शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्वीटी, माला और गौर ने संयुक्त रूप से कहा कि इस मुकाम तक पहुँचने में उनके विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण रहा। छात्रों ने बताया कि शिक्षकों ने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया और कठिन विषयों को सरल बनाया। साथ ही, उन्होंने अपनी सफलता का सारा श्रेय अपने माता-पिता को दिया। छात्रों के अनुसार माता-पिता के अटूट विश्वास, त्याग और सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
गांव और स्कूल में जश्न का माहौल।
एक ही गांव (बासमती) से तीन जिला टॉपर निकलने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह है। विद्यालय प्रबंधन प्रभारी चंदन कुमार और अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने बच्चों की इस कामयाबी पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रखंड के अन्य छात्रों के लिए ये तीनों अब एक मिसाल बन गए हैं।









