पाकुड़/महेशपुर। जिले में गुरुवार को वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है।
महेशपुर प्रखंड के दमदमा गांव में 35 वर्षीय माधय राजवंशी आम बागान में आम चुनने गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पाकुड़ शहर के हिरानंदनपुर पंचायत के लोटामारा गांव में खुले स्थान पर मौजूद 13 वर्षीय छिते टुडु की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना में रसीला मुर्मू (17) और श्याम (16) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता देने का आश्वासन दिया है। अंचल अधिकारी संजय सिन्हा ने लोगों से मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे नहीं जाने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।






