Search

June 16, 2026 10:58 pm

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार की दौड़ में उदयनारायणपुर पंचायत, जिला टीम ने परखी तैयारियां।

‘सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गांव’ थीम में हुआ चयन, विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं का लिया जायजा

पाकुड़। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2026 के लिए नामांकित उदयनारायणपुर पंचायत में जिला प्रशासन की टीम ने पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। पंचायत का चयन पुरस्कार की थीम-7 ‘सामाजिक रूप से न्याय संगत एवं सुरक्षित गांव’ के तहत किया गया है। जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने पंचायत का निरीक्षण कर वहां चल रही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, जन वितरण प्रणाली, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और कमजोर वर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंचायत के अभिलेखों, उपलब्धियों और नवाचारों की भी जांच की। जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के मानकों के अनुरूप सभी दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने और पंचायत की उपलब्धियों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में पंचायत में जनभागीदारी से हो रहे विकास कार्यों और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि उदयनारायणपुर पंचायत में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों को पुरस्कार के लिए प्रमुख आधार बनाया गया है। जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार पंचायतों के उत्कृष्ट कार्यों और ग्रामीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को पहचान देने वाला मंच है। उन्होंने सभी विभागों और पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ बेहतर प्रयास करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अनंत सिंह, बीडीओ सह सीओ अरविंद कुमार बेदिया, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के.के. सिंह, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तरीय कर्मी, पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य मौजूद रहे।

img 20260616 wa00767025162507372871445
img 20260616 wa00735661198625541556158

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!