200 ग्राम चांदी जैसा धातु बरामद, सोने की परत चढ़ा आभूषण भी मिला; एसपी के निर्देश पर एसआईटी ने दोनों को भेजा जेल
पाकुड़। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के बहराबाद गांव में घर से सोना-चांदी के जेवर चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही एसपी अनुदीप सिंह ने एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान बबलु टुडू (26) और लखन राय (28), दोनों निवासी शहरकोल, पाकुड़ नगर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के चांदी जैसे आभूषण को गलाकर बनाया गया करीब 200 ग्राम का रॉड बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 8.5 ग्राम का सोने की परत चढ़ा चांदी जैसा आभूषण भी जब्त किया गया। मामले में मंगल हांसदा उर्फ पाण्डेय के आवेदन पर मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 210/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।






