Search

November 11, 2026 2:46 am

रोजगार के वादे से मुकरने का आरोप, प्रदूषण और धमकी से त्रस्त ग्रामीणों ने खदान-क्रशर बंद कराने की उठाई मांग

आसंजोला में रोए एंड रोए माइनिंग के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे डीसी के पास, भारी ब्लास्टिंग, सरकारी व रैयती जमीन के दुरुपयोग और डराने-धमकाने की शिकायत

पाकुड़। हिरणपुर प्रखंड के आसंजोला गांव में संचालित रोए एंड रोए माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड की खदान और क्रशर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कंपनी पर रोजगार के वादे पूरे नहीं करने, नियमों की अनदेखी कर खनन एवं क्रशर संचालन करने और ग्रामीणों को भयभीत करने के आरोप लगाते हुए सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त को सामूहिक आवेदन सौंपकर खदान और क्रशर की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक संचालन पर रोक लगाने का आग्रह किया। ग्रामीणों के मुताबिक, कंपनी ने काम शुरू करने से पहले पब्लिक हियरिंग के दौरान स्थानीय लोगों को रोजगार और गांव के विकास का भरोसा दिया था। ग्रामीणों ने इसी उम्मीद में कंपनी को सहयोग किया, लेकिन उनका आरोप है कि अब न तो स्थानीय लोगों को अपेक्षित रोजगार मिल रहा है और न ही लोडिंग का निर्धारित भुगतान किया जा रहा है। इसके उलट खदान और क्रशर के संचालन से गांव में प्रदूषण और जमीन संबंधी विवाद बढ़ने की स्थिति पैदा हो गई है। उपायुक्त को दिए गए आवेदन में ग्रामीणों ने बताया है कि कंपनी मौजा आसंजोला के प्लॉट संख्या 526, 577पी और 579पी में क्रशर तथा 573, 574, 575, 576 और 577 में पत्थर खदान का संचालन कर रही है। आरोप है कि क्रशर रातभर चलाया जाता है, जिससे ध्वनि प्रदूषण के कारण ग्रामीणों की नींद और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। क्रशर से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित पानी का छिड़काव नहीं किए जाने की भी शिकायत की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि धूल घरों और खेतों तक पहुंच रही है, जिससे फसलों और कृषि कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ब्लास्टिंग से सुरक्षा पर चिंता, जमीन के इस्तेमाल पर भी उठाए सवाल।

ग्रामीणों ने खदान में भारी ब्लास्टिंग किए जाने पर गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि ब्लास्टिंग के दौरान आसपास के घरों और जमीन में कंपन महसूस होता है। इससे मकानों, पशुओं और लोगों की सुरक्षा को लेकर आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग की अनुमति, विस्फोटक की मात्रा और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है। आवेदन में लीज क्षेत्र से बाहर पत्थर गिराने, दूसरे रैयतों की निजी जमीन पर कथित तौर पर बिना सहमति बिजली के पोल लगाने और सरकारी पतित एवं गोचर जमीन पर मिट्टी डालने की शिकायत भी की गई है। ग्रामीणों ने इस मामले में ग्राम प्रधान सुशील मरांडी, मुखिया स्टीफन मुर्मू और पारा शिक्षक कॉर्नेलियस मरांडी की कथित भूमिका की जांच कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि सरकारी और निजी जमीन का इस्तेमाल निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए।

विरोध करने वालों को धमकी देने का आरोप।

ग्रामीणों ने कंपनी के पट्टाधारक पर गांव में विवाद का माहौल बनाने और विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमेबाजी के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। आवेदन में जान से मारने की धमकी दिए जाने और महिलाओं के प्रति अनुचित व्यवहार की शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं। ग्रामीणों ने इन शिकायतों की पुलिस और महिला पुलिस पदाधिकारी के माध्यम से निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार और विकास की उम्मीद में दिया गया सहयोग अब उनके लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। गांव में भय और असुरक्षा का माहौल है। सीताराम मास्की, चुनका किस्को सहित अन्य ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा और खदान एवं क्रशर का संचालन बंद कराने के लिए ग्रामीण एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।

संयुक्त जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने उपायुक्त से जिला स्तरीय संयुक्त जांच दल गठित कर खदान एवं क्रशर का भौतिक निरीक्षण कराने, लीज क्षेत्र का सरकारी अमीन से सीमांकन कराने तथा पर्यावरणीय स्वीकृति, प्रदूषण नियंत्रण, ब्लास्टिंग और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही सरकारी गोचर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर पूर्व स्थिति में बहाल करने और निजी जमीन पर लगाए गए बिजली पोल की वैधता की जांच कराने का आग्रह किया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक एहतियातन खनन और क्रशर संचालन पर रोक लगाई जाए। जांच में गंभीर अनियमितता प्रमाणित होने पर खनन पट्टा रद्द करने और क्रशर बंद करने की कार्रवाई की जाए।

IMG 20261106 WA0013

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!