भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर।
पाकुड़: भाजपा ने झारखण्ड में सांगठनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश प्रवक्ताओं की नई सूची जारी कर दी है। इस नई सूची में पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी को एक बेहद महत्वपूर्ण सांगठनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (सांसद) आदित्य साहू की सहमति से जारी आधिकारिक सूची में दिनेश विलियम मरांडी को भारतीय जनता पार्टी, झारखण्ड प्रदेश का नया प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र के हस्ताक्षरों से जारी पत्र के अनुसार, राज्यभर के 19 वरिष्ठ नेताओं को इस सूची में स्थान मिला है, जिसमें मुख्य प्रवक्ता के रूप में प्रतुल शाहदेव को पुनः कमान सौंपी गई है। दिनेश विलियम मरांडी को सूची में 12वें स्थान पर जगह दी गई है।उनके प्रवक्ता बनने की खबर आते ही पाकुड़ और विशेषकर लिट्टीपाड़ा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि संथाल परगना और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में दिनेश विलियम मरांडी की गहरी पैठ को देखते हुए भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वे आने वाले दिनों में पार्टी की नीतियों और राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ मुख्य मंच पर मोर्चा संभालेंगे।
भाजपा नेताओं ने दी बधाई, जताया हर्ष
दिनेश विलियम मरांडी को प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने पर पाकुड़ भाजपा जिला संगठन में खुशी की लहर है। इस ऐतिहासिक निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरिता मुर्मू (जिलाध्यक्ष, भाजपा पाकुड़), रूपेश भगत (जिला महामंत्री, भाजपा पाकुड़) समेत जिले के तमाम वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि शीर्ष नेतृत्व का यह फैसला बेहद सराहनीय है। दिनेश विलियम मरांडी के मनोनयन से न केवल पाकुड़ जिला बल्कि पूरे संथाल परगना में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और प्रदेश स्तर पर आदिवासियों एवं स्थानीय मुद्दों को प्रखरता से उठाया जा सकेगा।






