इकबाल हुसैन
महेशपुर प्रखंड अंतर्गत नारायणगढ़ (बाड़ी टोला) स्थित मरियम चर्च में होली लैंड माह के पवित्र दूसरे शुक्रवार के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच किया गया। इस पावन अवसर पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर प्रार्थना सभा में सहभागिता की। प्रार्थना सभा के दौरान चर्च के फादर द्वारा विशेष आराधना कराई गई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, भाईचारे और सर्वांगीण विकास के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रभु यीशु मसीह का स्मरण करते हुए प्रार्थना और भजन-कीर्तन में भाग लिया। पूरे चर्च परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर उपासना मरांडी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, शांति और आपसी एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि होली लैंड माह ईसाई समुदाय के लिए आत्मिक शुद्धि, प्रायश्चित और ईश्वर के प्रति समर्पण का विशेष समय होता है, जो व्यक्ति को आत्ममंथन और सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने आगे कहा कि समाज में सद्भाव, भाईचारा और आपसी सम्मान बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम लोगों को जोड़ने का कार्य करते हैं और समाज में सकारात्मक सोच व ऊर्जा का संचार करते हैं। अंत में उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। प्रार्थना सभा में चर्च कमेटी के सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर क्षेत्र की उन्नति, शांति और खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना की, जिससे आयोजन सफल और सार्थक सिद्ध हुआ।









