Search

March 17, 2026 10:56 pm

योग और आयुष से जागरूक हो रहा पाकुड़, 34 स्थानों पर प्रशिक्षण, 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण।

आयुष विभाग की पहल से गांव-गांव पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं, योगाभ्यास व नि:शुल्क जांच से बढ़ी जागरूकता

पाकुड़। आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ-साथ आयुष जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। आयुर्विद्या कार्यक्रम के तहत पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित कुल 34 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने आमजन को योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मानसिक संतुलन भी बेहतर होता है। इसके साथ ही जिले के लखनपुर, लिट्टीपाड़ा, मधुबन, मोहनपुर और नयाग्राम में आयुष जांच शिविर आयोजित किए गए, जहां कुल 202 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ व गठिया रोग सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई और जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित जांच कराने की सलाह दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया। आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें।

img 20260317 wa00145033954480211052330

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर