जिओ टैग के बाद खाते में आई पहली किस्त, गांव के ही व्यक्ति पर पैसा हड़पने का आरोप, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा: प्रखंड क्षेत्र में सरकार की जनमन आवास योजना में बिचौलियों की सक्रियता गरीबों पर भारी पड़ रही है। जानकारी के अभाव में आदिम जनजाति समाज के लोग इनके झांसे में आकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला सिंगारसी पंचायत के गौरपाड़ा गांव से सामने आया है। गौरपाड़ा निवासी धर्मी पहाड़िन (पति स्व. सीता पहाड़िया) को जनमन आवास योजना के तहत घर निर्माण की स्वीकृति मिली थी। योजना का जिओ टैग भी कर दिया गया था। इसके बाद उनके एसबीआई खाते में पहली किस्त की राशि भेजी गई। आरोप है कि गांव के ही सोनिया पहाड़िया ने योजना में अपनी भूमिका बताकर 10 जनवरी 2025 को महिला के खाते से 30 हजार रुपए निकलवा लिए। बदले में घर बनवाने का वादा किया, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू तक नहीं हुआ।
पीड़िता ने कई बार आरोपी से घर बनवाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार गुरुवार को महिला प्रखंड कार्यालय पहुंची और बीडीओ को लिखित शिकायत सौंपी।
मुखिया की प्रतिक्रिया।
सिंगारसी पंचायत के मुखिया मोतीलाल पहाड़िया ने कहा कि इस तरह गरीबों के साथ धोखाधड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे मामलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन का पक्ष।
बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





