राजकुमार भगत
पाकुड़िया। संत जेवियर्स मध्य विद्यालय, बड़तल्ला-पलियादहा में पेरेंट्स डे के अवसर पर रविवार को भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग पांच हजार अभिभावक, छात्र-छात्राएं और शिक्षाविद शामिल हुए। इस दौरान जैक बोर्ड परीक्षा 2024-25 में पाकुड़ जिला टॉपर रहे जोतन मुर्मू को लैपटॉप तथा उनके माता-पिता जोहन मुर्मू और तालाकु हांसदा को मोटरसाइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव रामरंजन कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष गेब्रियल मुर्मू, जिला सचिव राजकुमार भगत, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष मनोज भगत, प्रखंड अध्यक्ष जुलियस सोरेन, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह मुखिया दाऊद मरांडी समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् और सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि रामरंजन कुमार सिंह ने कहा कि माता-पिता बच्चों के पहले शिक्षक, मार्गदर्शक और सबसे बड़े शुभचिंतक होते हैं। उनके त्याग और समर्पण के कारण ही बच्चे सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास को बच्चों के सर्वांगीण विकास की कुंजी बताया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सालभातोर मरांडी ने बताया कि जिला टॉपर जोतन मुर्मू ने नर्सरी से आठवीं तक की पढ़ाई इसी विद्यालय में की थी तथा नौवीं-दसवीं की कोचिंग भी यहीं से प्राप्त की। विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह सम्मान दिया गया। समारोह में सत्र 2025-26 के स्कूल टॉपर सुजीत हेंब्रम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले रामजी टुडू को साइकिल देकर सम्मानित किया गया। वहीं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मिलन सोरेन समेत विभिन्न कक्षाओं और विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दर्जनों छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
जिलाध्यक्ष गेब्रियल मुर्मू ने कहा कि माता-पिता का योगदान किसी भी बच्चे के जीवन में अमूल्य होता है। राष्ट्रीय और वैश्विक अभिभावक दिवस का उद्देश्य जिम्मेदार पालन-पोषण को बढ़ावा देना और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों की भूमिका को सम्मान देना है। कार्यक्रम में संत जेवियर्स स्कूल के सचिव दाऊद मरांडी, ओपन स्काई स्मार्ट स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज भगत, एसएमएस स्कूल पथरडांगा के प्रधानाध्यापक सिलेस्टीन टुडू, क्रिस्ट एडवांटेज स्कूल पाथपहाड़ी के प्रधानाध्यापक जुलियास सोरेन, संत जोसेफ स्कूल सोगले के प्रधानाध्यापक मनोहर मुर्मू, ज्ञान विकास आवासीय विद्यालय बोलको के उपप्रधानाध्यापक सोलेमन मुर्मू, मर्शी डिवाइन स्कूल हुलियापाथर के प्रधानाध्यापक मनोज टुडू, न्यू चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल गणपुरा के प्रधानाध्यापक राजेश भगत सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।






