स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, वॉल पेंटिंग और ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ में उमड़ा जनसैलाब, फॉसिल्स पार्क का भी हुआ निरीक्षण
पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पूरे जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, वॉल पेंटिंग और ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ भविष्य का संदेश दिया गया। अनुमंडल कार्यालय परिसर से शुरू हुए कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वहीं सिद्धो-कान्हू पार्क में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और राज स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक वॉल पेंटिंग के जरिए जल संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली का संदेश दिया। ‘रन फॉर द एनवायरनमेंट’ में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वीआईपी रोड से डीएफओ आवास तक आयोजित दौड़ को अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इसे जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने दुर्गापुर स्थित निर्माणाधीन फॉसिल्स पार्क का निरीक्षण किया। बताया गया कि यह पार्क क्षेत्र की भू-वैज्ञानिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।










