पाकुड़िया थाना क्षेत्र के झरिया गांव में सोमवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 35 वर्षीय जोएल मुर्मू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जोएल मुर्मू सोमवार शाम अपने खेत में हल जोतने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज मेघगर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुई वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही गिर पड़े। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि वज्रपात की चपेट में आने से किसान की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार सुबह पाकुड़ भेज दिया गया है। इधर, जोएल मुर्मू की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।





