प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से भगाने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र से की गई। जानकारी के अनुसार, लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले में लड़की के पिता ने 19 मई 2026 को लिट्टीपाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के तीन दिन बाद ही 22 मई को नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी साहिबगंज के राधानगर थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी विवेक कुमार और एसआई अनिल पंडित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लिट्टीपाड़ा थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और चिकित्सीय जांच पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में दर्ज प्राथमिकी के बाद लड़की को पहले ही बरामद कर लिया गया था। फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।






