अमड़ापाड़ा के मालीपाड़ा ढलान में हुआ भीषण हादसा, 20 की हालत गंभीर।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। थाना क्षेत्र के सिंगारसी-अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग स्थित मालीपाड़ा ढलान में मंगलवार देर रात एक बाराती बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए। इनमें करीब 20 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के परियारदाहा गांव निवासी 64 वर्षीय ओलेन मुर्मू तथा 16 वर्षीय राजेश टुडू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बस (डब्ल्यूबी-11 बी-3541) महेशपुर थाना क्षेत्र के परियारदाहा गांव से बारात लेकर गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कदम पहाड़पुर गांव गई थी। शादी समारोह के बाद बाराती वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मालीपाड़ा ढलान के समीप बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहत की बात यह रही कि दूल्हा-दुल्हन अलग वाहन से अपने घर लौट रहे थे और सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. शिवम कुमार, डॉ. ब्रजेश कुमार समेत स्वास्थ्यकर्मी देर रात तक इलाज में जुटे रहे। गंभीर रूप से घायल करीब 20 लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। कई घायलों को परिजन निजी वाहनों से अन्य अस्पतालों में ले गए। इस दौरान सरकारी एंबुलेंस के खराब रहने से परेशानी हुई। बाद में एक निजी कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस से चालक सहित चार घायलों को दुमका भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद परियारदाहा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है।









