विश्वास, विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं ने देश की समृद्धि व प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की।
राजकुमार भगत
पाकुड़। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजापाड़ा स्थित प्राचीन कालीबाड़ी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेत्री मीरा प्रवीण सिंह के नेतृत्व में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण अभियान” के तहत किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा कर देश की सुख-समृद्धि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना की। मंदिर के पुरोहित भरत भूषण मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे तथा विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देंगे। मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, वार्ड पार्षद निभा देवी, सुशील साहा, प्राची चौधरी, निधि गुप्ता समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।





