भाजपा की संगठनात्मक बैठक में एसआईआर अभियान और संगठन मजबूती पर हुई चर्चा।
राजकुमार भगत
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ की संगठनात्मक बैठक जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में अपर्णा मार्केट सभागार में दो सत्रों में आयोजित हुई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पहले सत्र में राजमहल के पूर्व विधायक सह पूर्व प्रदेश महामंत्री अनंत कुमार ओझा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पाकुड़ प्रखंड के छह मंडलों के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारी और कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलए-2 की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए कार्यकर्ताओं को सजग होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में केवल भारत के वास्तविक नागरिकों का ही नाम शामिल रहे, इसके लिए सभी बूथों पर गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है।
दूसरे सत्र में जिला प्रभारी निवास मंडल ने संगठनात्मक मुद्दों और एसआईआर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने समय पर सभी स्तरों की बैठक आयोजित करने और संगठन को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री साधन ठाकुर ने किया। मौके पर पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक तिवारी, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, मोहन चौबे, लक्ष्मी तुरी, अनिता मुर्मू, साहेब हंसदा, दीपक साह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।







