आम की उन्नत किस्मों की लगी प्रदर्शनी, बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों और बागवानी सखियों को मिला सम्मान।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत एक दिवसीय आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया। किसानों में बागवानी के प्रति रुचि बढ़ाने और उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले का उद्घाटन प्रमुख कालिदास मरांडी, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, उप प्रमुख अर्चना देवी, पंचायत समिति सदस्य गायत्री देवी एवं बीपीओ जगदीश पंडित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मौके पर बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने कहा कि आम उत्सव का मुख्य उद्देश्य आम उत्पादक किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना है। उन्होंने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के माध्यम से क्षेत्र में बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।
मेले में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे प्रगतिशील किसानों और बागवानी सखियों ने अपने बागानों में उत्पादित आम की विभिन्न उन्नत किस्मों की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में आम्रपाली, दशहरी, मालदा, गुलाब खास समेत कई प्रजातियों के आम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रमुख कालिदास मरांडी ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम पहल है। उन्होंने किसानों को बागवानी से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों द्वारा लगाए गए आम खरीदे और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान बेहतर आम उत्पादन और प्रदर्शन करने वाले बागवानी सखियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में प्रेमलता टुडू, जलेसुरी मुर्मू, एलबिना टुडू, फुलमनी मड़ैया, बहामुनि टुडू, विनीता तिर्की, हिमानी मुर्मू, किसान शंकर दास, डेविड हांसदा, बुद्धिनाथ बेसरा एवं छोटो हेंब्रम शामिल हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।







