Search

June 19, 2026 1:13 am

60 दिनों में सलाखों के पीछे हों पोक्सो के आरोपी: एसपी

मासिक अपराध गोष्ठी में बोले एसपी अनुदीप सिंह—मुहर्रम पर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

पाकुड़ एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी की बैठक में एसपी अनुदीप सिंह ने जिले की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। बैठक के दौरान एसपी ने लंबित मामलों की समीक्षा की और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधिकारियों को रणनीति के तहत काम करने के निर्देश दिए।

पोक्सो एक्ट और एनडीपीएस मामलों पर विशेष कड़ाई

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि मासिक अपराध गोष्ठी में लंबित कांडों और उनके निष्पादन की गहन समीक्षा की गई है। उन्होंने थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा, पोक्सो और लैंगिक अपराधों से जुड़े मामलों में संलिप्त अभियुक्तों को हर हाल में 60 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर मामलों का निपटारा करें।इसके साथ ही, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है। ऐसे धंधेबाजों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

मुहर्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर पाकुड़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी ने बताया कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय को अनुरोध भेजा गया है। साथ ही होमगार्ड के जवानों को भी कॉल-अप किया जा रहा है।सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अविलंब शांति समिति की बैठक आयोजित करें। मुहर्रम के जुलूस के मार्गों का भौतिक सत्यापन किया जाए और शरारती तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी और डीसी के स्तर से जल्द ही संयुक्त आदेश जारी कर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर भी रहेगा फोकस

बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई, जहां एसपी ने यातायात नियमों का पालन कराने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। एसपी ने साफ संदेश दिया है कि पुलिस मुख्यालय से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जाए और पुलिसिंग को अधिक बेहतर व प्रभावी बनाया जाए।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!