राजकुमार भगत
पाकुड़। जिला वॉलीबॉल संघ, पाकुड़ के तत्वावधान में स्थानीय रेलवे मैदान में पाकुड़ में वॉलीबॉल खेल के प्रणेता स्व. ओंकारनाथ साह की 10वीं पुण्यतिथि पर स्मृति वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के पुराने खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और वर्तमान युवा खिलाड़ियों ने स्व. साह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. ओंकारनाथ साह के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। मौके पर उनके समकालीन खिलाड़ी एवं मित्र लक्ष्मी नारायण शाह, संजय कुमार शाह और संजय कुमार ओझा ने उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि स्व. ओंकारनाथ साह ने पाकुड़ में वॉलीबॉल खेल को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों से जिले के कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
इस दौरान स्व. ओंकारनाथ साह की पुत्री दीपाली साह ने अपने पिता की खेल विरासत को आगे बढ़ाते हुए खिलाड़ियों के लिए वॉलीबॉल और नेट प्रदान किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा खेल, अनुशासन और मेहनत को महत्व देते थे। मैदान में खिलाड़ियों को खेलते देखना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव हिसाबी राय ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, पूर्व खिलाड़ियों और युवाओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्व. ओंकारनाथ साह का योगदान पाकुड़ के खेल इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा और संघ युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी ऐसे आयोजन करता रहेगा। स्मृति प्रतियोगिता के दौरान शहर के खेल प्रेमी संजय कुमार राय, उजय राय, लाल्टू भौमिक, अविनाश पंडित, निर्भय सिंह, मिठू ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। रेलवे मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने स्व. ओंकारनाथ साह की यादों को फिर से जीवंत कर दिया।








